उप्र के बागपत में यमुना नदी में नाव डूबने से 22 मरे, कुछ सुरक्षित निकाले गए

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में मजदूरों से भरी एक नाव के डूबने की खबर मिली है। बृहस्पतिवार को यमुना नदी में किसानों और मजदूरों से भरी नाव डूबने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है। जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में मरने वालों को 2 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। जिला प्रशासन ने बताया कि हादसे के बाद करीब एक दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। नाव में करीब 60 यात्री सवार थे। पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर हैं। बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के देर से पहुंचने से गुस्साये स्थानीय ग्रामीणों ने दिल्ली राजमार्ग जाम कर दिया।
मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि नाव में क्षमता से अधिक करीब 60 यात्री सवार थे। इनमें अधिकांश महिलाएं थीं। नाव जैसे ही बीच नदी में पहुंची, अचानक डूब गयी। जिलाधिकारी के अनुसार पुलिस और पीएसी की बचाव दल की टीमों ने अभी तक 22 शव निकाले हैं। जबकि करीब एक दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।