गायत्री प्रसाद प्रजापति की सीजेएम कोर्ट में सुनवाई आज

25 अप्रैल को गायत्री को मिली जमानत रद हो चुकी है। 26 अप्रैल को यूपी पुलिस ने गायत्री प्रजापति को वापस जेल भेज दिया था।


लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। आज गायत्री की सीजेएम कोर्ट लखनऊ में पेशी है। उत्तर प्रदेश की पूर्व समाजवादी सरकार में मंत्री रहे नेता गायत्री प्रजापति की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गैंगरेप समेत नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पाक्सो में निरुद्ध सपा नेता गायत्री प्रजापति जमानत रद होने के बाद जेल चले गए हैं।
आज उनकी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट पेशी है। 25 अप्रैल को गायत्री को मिली जमानत रद हो चुकी है। 26 अप्रैल को यूपी पुलिस ने गायत्री प्रजापति को वापस जेल भेज दिया। अब आज गायत्री प्रसाद प्रजापति को यूपी पुलिस सीजेएम कोर्ट में पेश करेगी। कोर्ट में गैंगरेप और नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप के मामलों की सुनवाई की जाएगी। यूपी पुलिस ने छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास के मामले में रिमांड अर्जी डाली थी। गायत्री प्रजापति पहले से ही दो मामलों में न्यायिक हिरासत जेल में हैं। सपा नेता गायत्री प्रजापति के मामले में जमानत देने वाले जज पर भी गाज गिरी है। पाक्सो के विशेष जज ओपी मिश्रा को सस्पेंड कर उनपर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। फैसला लखनऊ हाई कोर्ट ने लिया है। फैसले में जज को सस्पेंड करने के बाद गायत्री प्रजापति की जमानत को भी रद कर दिया गया था।