पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने की थी माल्या की मदद, भाजपा ने दिखाई चिट्ठी
नई दिल्ली। विजय माल्या केस में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व वित्त मंत्री पी। चिदंबरम बुरी तरह घिरते दिख रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विजय माल्या के साथ इन दोनों के पत्राचार की जानकारी दी और सारी चिट्ठियां भी मीडिया के सामने पेश कीं। हालांकि बीजेपी के दावों पर कांग्रेस की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने दावा किया कि अभी बंद पड़ी किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक विजय माल्या पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिले थे, जिन्होंने माल्या को टॉप ब्यूरोक्रेट्स से बात करने को कहा। बीजेपी प्रवक्ता के मुताबिक, मनमोहन के निर्देश पर माल्या उनके सलाहकार टी। के। ए। नायर से मिले। इतना ही नहीं तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने माल्या की मदद के लिए संबंधित मंत्रालयों से खुद बात की।