‘आप’ सरकार के अपने वादे पूरे नहीं करने पर मनोज ने की आलोचना
कहा, कुछ करो यार, ताकि दिल्ली 15 साल पीछे न चली जाए
नई दिल्ली। दिल्ली बीजेपी प्रमुख और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खुली चुनौती दी है। दिल्ली भाजपा प्रमुख के तौर पर एक समाचार के मुताबिक मनोज तिवारी ने आप सरकार की अपने वादे पूरे नहीं करने को लेकर कड़ी आलोचना की और लोगों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बहस का न्यौता दिया।
अभिनेता से नेता बने तिवारी ने आप सरकार एवं केजरीवाल पर हमले किए। हालाकि उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की समस्याओं को हल करने के रास्ते में राजनीति नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं केजरीवाल, उनकी सरकार और मंत्रियों से मेरे साथ गांवों, अनधिकृत कॉलोनियों में चलने एवं लोगों की समस्याएं जानने की अपील करता हूं। समस्याओं से दूर मत भागिए, उनका हल कीजिए, राजनीति इंतजार कर सकती है।
उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप हर सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भला-बुरा कहते हैं। उपराज्यपाल पर करारा प्रहार करते हैं। मैं आपके साथ बैठने और लोगों की समस्याओं पर चर्चा करने को तैयार हूं। उन समस्याओं को हल करने के लिए आपको जो भी पसंद हो, वह करने को मैं तैयार हूं। तिवारी ने परिवहन, अनधिकृत कॉलोनियों में सुविधाएं, नये स्कूल खोलने, डीटीसी बसों में मार्शल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने आदि विषयों पर सरकार की विफलताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि कुछ करो यार, ताकि दिल्ली 15 साल पीछे न चली जाए।