अच्छा लगेगा मनोरंजन उद्योग साफ-सुथरा हो और यहां महिलाओं के लिए सम्मानपूर्ण माहौल हो
मुंबई। भारत के लोकप्रिय संगीतकार एआर रहमान ने कहा है कि भारत के ‘‘मीटू’ अभियान में इतनी क्षमता है कि वह मनोरंजन उद्योग को साफ-सुथरा कर सके और महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्ण माहौल बना सके। ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित 51 वर्षीय रहमान ने सोशल मीडिया के जरिए सोमवार की रात अपना बयान साझा किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हमेशा से महिलाओं के लिए एक सुरक्षित कार्यस्थल का माहौल बनाने का रहा है। उन्होंने कहा, मीटू अभियान देख रहा हूं।
कुछ पीड़ितों और आरोपियों के नामों ने मुझे चौंकाया। मुझे अच्छा लगेगा अगर हमारा मनोरंजन उद्योग साफ-सुथरा हो और यहां महिलाओं के लिए सम्मानपूर्ण माहौल हो। उन सभी पीड़ितों को शक्ति और मजबूती मिले जो आगे आकर अपनी बात रख रही हैं। उन्होंने लिखा, मैं और मेरी टीम ऐसा माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं जहां सभी को अपना सर्वश्रेष्ठ काम करने के लिए सुरक्षित माहौल मिल सके, वह आगे बढ सकें और सफलता पा सकें। हालांकि रहमान का यह भी कहना था कि ‘‘इंटरनेट जस्टिस सिस्टम (इंटरनेट न्यायिक पण्राली) बनाने से पहले लोग सावधानी बरतें। उन्होंने कहा, सोशल मीडिया पीड़ितों को अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्रता प्रदान करता है। अगर इसका गलत इस्तेमाल किया जाता है तो हमें इसे नया इंटरनेट जस्टिस सिस्टम बनाने में सावधानी बरतनी चाहिए। (भाषा)।