आज मुंबई में विरुष्का का ग्रांड रिसेप्शन, शामिल होंगी बड़ी हस्तियां

नई दिल्ली। साल 2017 की सबसे बड़ी शादियों में शुमार विराट और अनुष्का की शादी का दूसरा रिसेप्शन आज मुंबई में होगा। इस पार्टी में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ बॉलीवुड के दिग्गज और कई पालीटिशियन भी शामिल होंगे। इस रिसेप्शन का आयोजन परेल के सेंट रेजिस होटल में किया जायेगा।

इसके पहले दिल्ली में हुए विराट और अनुष्का के पहले रिसेप्शन में पीएम मोदी समेत उनके साथी खिलाड़ियों ने शिरकत की थी। खबरों की मानें तो इस रिसेप्शन में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और रोहित शर्मा समेत पूरी भारतीय टीम पहुंच रही हैं। वहीं विराट कोहली के खास दोस्तों में से एक साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर एबी डिविलियर्स के शामिल नहीं होने की खबर है क्यों कि वो इस समय जिम्बाब्वे के साथ चल रही टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीकी टीम का हिस्सा हैं।

विराट कोहली और अनुष्का ने शादी के बाद पहला रिसेप्शन दिल्ली में किया था जिसमें देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने शिरकत की थी। अब मुंबई में हो रहे रिसेप्शन में महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवींस के शामिल होने की खबरें भी आ रही हैं।

श्रीलंका के खिलाफ चल रही सीरीज के कारण टीम इंडिया के बहुत बिजी शेड्यूल में थी जिसके कारण टीम इंडिया के मौजूदा क्रिकेटर दिल्ली के रिसेप्शन में शामिल नहीं हो पाए थे। लेकिन रविवार को मुंबई में आखिरी मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी अब इस रिसेप्शन को जमकर सेलिब्रेट करेंगे। आपको बता दें कि बीते 11 दिसंबर को विराट और अनुष्का ने बहुत सीमित लोगों के साथ इटली में जाकर शादी की थी। इस शादी में परिवार वालों के अलावा खास लोगों को ही शामिल किया गया था।