फर्जी नर्सिंग होम व डॉक्टरों के खिलाफ होगा आंदोलन : पप्पू यादव
पटना। जन अधिकार पार्टी (लो.) के संरक्षक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि पार्टी मेडिकल सिस्टम में व्याप्त अराजकता, लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि नर्सिंग होम में इलाज के नाम पर मनमानी वसूली और जांच के नाम पर लूट का धंधा करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। आरोप लगाया कि पटना के अधिकतर नर्सिंग होम निबंधित नहीं हैं। तमाम स्टाफ अप्रशिक्षित हैं। स्थानीय थाना पुलिस के संरक्षण व मिलीभगत ये चिकित्सा का धंधा चलाया जाता है। शिक्षा और स्वास्थ्य सर्विस सेक्टर हैं, लेकिन इसे मुनाफे का धंधा बना दिया गया है। यदि व्यवस्था ठीक नहीं होगी तो जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि इसमें सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं। इस मुद्दे पर पार्टी 6 जनवरी को बिहार बंद करेगी। कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए। जातीय जनगणना सार्वजनिक किया जाना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष अखलाक अहमद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुपति प्रसाद सिंह, एजाज अहमद, राघवेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद थे।