राज बब्बर बोले- जैन होकर खुद को हिंदू बताते हैं अमित शाह

कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी के नेता राज बब्बर ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष धर्म से जैन हैं। लेकिन वह खुद को हिंदू बताते हैं। बब्बर की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी की सोमनाथ यात्रा के बाद आई है। राहुल हाल ही में सोमनाथ मंदिर गए थे। वहां उनका नाम गैर हिंदुओं के रजिस्टर में दर्ज पाया गया, जिसके बाद हिंदू और गैर हिंदू पर विवाद शुरू हुआ था। बब्बर ने आगे इस पर कांग्रेस उपाध्यक्ष का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि राहुल शिव भक्त हैं और उनके यहां लंबे समय से भगवान शिव की पूजा होती रही है। बता दें सोमनाथ दौरे पर विवाद के अगले दिन राहुल ने कहा था कि वह और उनका परिवार शिवभक्त है। लेकिन राजनीतिक फायदे के लिए वे धर्म का इस्तेमाल नहीं करना चाहते।
कांग्रेसी नेता ने कहा, “अमित शाह खुद को हिंदू बताते है। मगर वह जैन हैं। जहां तक राहुल गांधी की बात है, तो उनके घर में लंबे समय से भगवान शिव की पूजा होती रही है। इंदिरा गांधी भी रुद्राक्ष पहनती थीं, जो सिर्फ शिव भक्त ही पहनते हैं।”
बब्बर ने एक अंग्रेजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, “इंसान जहां पैदा होता है। वही उसका धर्म होता है। वह किस पद्धति में है। किस पूजा को करता है। उसका कौन आराध्य है। उसके लिए वह ढोल नहीं बजाता। यहां जो अमित शाह अपने आप को हिंदू कहते हैं। वह तो जैन हैं। पहले तय करें कि जैन हैं या हिंदू हैं। क्योंकि जैन धर्म तो अलग है न।”