घर में घुस चार महिलाओं सहित पांच लोगों की हत्या
नई दिल्ली। दिल्ली के मानसरोवर इलाके में पांच लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में एक ही परिवार की 4 महिलाएं शामिल हैं जबकि एक मृतक सुरक्षा गार्ड है। इस परिवार का संबंध नामी जिंदल आयल मिल्स परिवार से है। हत्यारों ने कत्ल के लिए तेजधार चाकू का इस्तेमाल किया और सभी को गोद डाला।
दिल्ली पुलिस को शनिवार की सुबह 7:15 पर कॉल मिली। जिसमें बताया गया कि जीटी रोड स्थित मानसरोवर पार्क इलाके में पांच लोगों की बेहरहमी से हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि सभी मृतकों के शरीर चाकुओं से गोदे गए थे। घर के दरवाजे के पास गार्ड की लाश पड़ी थी। जबकि मकान की पहली मंजिल पर एक कमरे में चारों महिलाओं की लाशें खून से लथपथ पड़ी थी। पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ-साथ फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। पूरे इलाके को सील कर दिया गया। पुलिस हत्या और हत्यारों की जांच में जुट गई। पुलिस ने पाया कि घर में एक अलमारी टूटी हुई मिली है। हालांकि मृतक महिलाओं ने जो गहने पहने थे, वो नहीं लूटे गए हैं।
पुलिस ने बताया कि जिंदल आॅयल्स मिल के 7 भाईयों का परिवार है। जिनके बीच एक 600 गज की प्रॉपर्टी को बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। जिन महिलाओं की हत्या हुई है, वे सभी एक ही परिवार की हैं। जिनमें एक मां और तीन बेटियां शामिल हैं। मृतकों की पहचान उमिर्ला जिंदल (78), संगीत गुप्ता (43), नुपूर जिंदल (35), अंजलि जिंदल (33) और राकेश (50) के रूप में हुई है। उमिर्ला जिंदल के पति बृजभूषण की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है।
जिंदल परिवार के सदस्य राकेश जिंदल का कहना है कि 15 दिनों से घर मे व्हाइट वॉश का काम चल रहा था। उन्ही लोगों पर हत्या का शक है। उन्होंने बताया कि 40 लोगों का परिवार एक साथ रहता है, संपत्ति विवाद जैसी कोई बात नहीं है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।