सावान का पहला सोमवार : बाबा विश्वनाथ को जलाभिषेक करने उमड़ा रेला

वाराणसी। आज सावन का पहला सोमवार है और भोले की नगरी काशी में सावन के प्रथम सोमवार का अनमोल नजारा देखने को मिला। हजारों यादव बंधुओं के कांधे पर गंगाजल भरा पात्र छलक रहा था और साथ ही छलक रही थी बाबा के प्रति आस्था।
डेढ़सीपुल से ढुंढीराज गणेश द्वार से यादवों ने प्रवेश किया और बाबा पर जल चढ़ाया। यादवों ने नगर के नौ शिवालयों में जलाभिषेक किया। जल यात्रा के दौरान जोश और उल्लास का माहौल रहा। डमरू की डम-डम के बीच महादेव, महादेव, बोल बम,बोल बम भी गुंजायमान रहा। चन्द्रवंशी गोपी सेवा समिति के बैनरतले केदारघाट पर हजारों यादव बंधुओं ने गंगा जल में डुबकी लगायी। चांदी, पीतल, स्टील के घड़े में जल भरा और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ गौरी केदारेश्वर महादेव पर जल चढ़ाया।
जलाभिषेक यात्रा के साथ समिति का पीतल का झंडा चल रहा है था और उसके पीछे-पीछे हजारों युवा। भक्तों का स्वरूप भी निराला दिखा। बच्चे, बुढ़े और युवा सभी बनारसी अंदाज में आंख में सूरमा, कान में विल्व पत्र और माथे पर पीले चंदन का त्रिकुंड सजाये थे। महादेव-महादेव, हर-हर, बम-बम बोलते जलाभिषेक यात्रा तिलभाण्डेश्वर पहुंची।
जल चढ़ाया और फिर दौड़ते हुए दशाश्वमेध घाट स्थित मां शीतला के श्रीचरण में शीश नवाया। मां गंगा का स्पर्श कर पुन: पात्र में जल भरे और फिर दशाश्वमेध स्थित गुरु वृहस्पति भगवान मंदिर के पीछे मानमंदिर स्थित आल्हादेश्वर महादेव पर जल अर्पित किया गया। इसके बाद फिर से संगठित होकर यादव बंधु डेढ़सीपुल मार्ग पर बाबा दरबार के लिए कदम बढ़ाये। ढुंढीराज गणेश मार्ग से शनिमंदिर के सम्मुख मंदिर द्वार से यादवबंधु गभर्गृह पहुंचे। बाबा पर जल चढाया और सरस्वती फाटक द्वार से वापस लौटे। यहां से पुन: यादव समाज के लोग गंगा जल पात्र में भरने के लिए ललिता घाट पहुचे। जल लेकर पुन: छत्ताद्वार पहुंच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पीछे स्थित चबूतरे पर कुछ क्षण आराम किये और परम्परागत शैली में अंगोछा, गमछे को निचोड़े। फिर दल महामृत्युंजय महादेव का दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर स्थित कुंए का जल पीये। इसके बाद त्रिलोचन महादेव, ओकारेंश्वर व लाटभैरव मंदिर में जल चढ़ाये। जलाभिषेक यात्रा के समापन पर भक्तों के लिए फलाहार का भण्डारा हुआ। जलाभिषेक में मुख्य रूप से श्रीकृष्ण युवा यादव महासभा, सप्तसागर यादव महासभा आदि समितियों के भक्त भी शामिल थे।