एमएस धोनी को न दें दोष : सुनील गावस्कर
धोनी ने 114 गेंदों पर 54 रन बनाए थे
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटिगा में खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में भारत को 11 रनों के हार का मुंह देखना पड़ा। इसी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को प्रसंशकों की आलोचना का शिकार होना पड़ा। लोग उन्हें धीमी बल्लेबाजी करने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर उनके पक्ष में खड़े हुए हैं। उन्होंने इसे पूरी टीम की गलती करार दिया है।
गावस्कर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि लोगों को महेंद्र सिंह धोनी को दोष देना बंद करना चाहिए। ये सामूहिक रूप से टीम की बल्लेबाजी में विफलता की वजह से हुआ है। वेस्टइंडीज टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम के सामने 190 रनों का लक्ष्य रखा था। लेकिन भारतीय टीम 50 वें ओवर में 178 रन बनाकर आल आउट हो गई। धोनी ने 114 गेंदों पर 54 रन बनाए थे। उन्होंने 108 गेंदों में अपना 64 वां अर्धशतक पूरा किया।
ये किसी भारतीय खिलाड़ी का एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय में सबसे धीमा अर्धशतक है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम था। 1985 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय में धीमी बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए थे। बता दें इस हार से धोनी भी काफी मायूस हो गए थे। हार के बाद जब दोनों टीम के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे तब धोनी ड्रेसिंग रूम में अकेले बैठे थे। खबरों की मानें तो इस दौरान धोनी की आंखों से आंसू भी आने लगे थे।