दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना की याद में प्राथर्ना सभा के आयोजन में पहुंचें बॉलीवुड कलाकार

नई दिल्ली। बुधवार को मुंबई में दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना की याद में प्राथर्ना सभा का आयोजन किया गया जिसमें इस बार बॉलीवुड के सीनियर अभिनेताओं के अलावा आज के कई सुपरस्टार्स भी पहुंचे। बता दें कि विनोद खन्ना के निधन पर उनके अंतिम संस्कार में कई सीनियर सेलेब्रिटीज तो पहुंचे थे लेकिन आज के कई ‘सुपरस्टार’ नजर नहीं आए थे। इंडस्ट्री के इस रुख से अभिनेता ऋषि कपूर काफी भड़क गए थे और उन्होंने ट्विटर पर ऐसे स्टार्स को ट्वीट कर लताड़ा था। बुधवार को इस प्राथर्ना सभा में शाहरुख खान, आमिर खान से लेकर सोनाक्षी सिन्हा और ऋतिक रोशन जैसे आज के कई सितारे पहुंचे लेकिन आश्चर्य की बात है कि इस प्राथर्ना सभा में न तो ऋषि कपूर नजर आए और न ही आज के सुपरस्टार की श्रेणी में गिने जाने वाले उनके बेटे रणबीर कपूर।
ऋषि कपूर, विनोद खन्ना के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे लेकिन उनकी पत्नी नीतू सिंह और रणबीर कपूर यहां नहीं नजर आए थे जिस पर उन्होंने कहा था कि वह दोनों विदेश में हैं इसलिए यहां नहीं आ सके। गुस्से वाले ट्वीट के बाद बुधवार को ऋषि कपूर ने खुश होते हुए ट्वीट किया, ‘खन्ना परिवार के लिए अपनी सदभावना जताने के लिए शुक्रिया मेरे फिल्म इंडस्ट्री के भाइयों। हम में अब भी इंसानियत बाकी है। आप सब को प्यार।’
विनोद खन्ना का पिछले गुरुवार को निधन हो गया था। वह 70 साल के थे और कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें मुंबई के एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां उनका इलाज चल रहा था। विनोद खन्ना के अंतिम संस्कार में अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर के अलावा जैकी श्रॉफ, अभिषेक बच्चन, चंकी पांडे और रणदीप हुड्डा जैसे कई सितारे पहुंचे लेकिन ज्यादातर यंग स्टार्स यहां नहीं दिखे।
बुधवार को अयोजित हुई प्राथर्ना सभा में शाहरुख खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय बच्चन, आथिया शेट्टी, सोनाक्षी सिन्हा, माधुरी दीक्षित, जैसे कई सितारे पहुंचे। बता दें कि दिवंगत विनोद खन्ना के साथ कई जूनियर एक्टर्स, जिनमें तीनों खान यानी शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान भी शामिल हैं, के अलावा शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा भी काम कर चुकी है। इस मौके पर ऋतिक रोशन, शाहरुख खान, आमिर खान और अभिषेक बच्चन अपनी पत्नी के साथ नजर आए।