जान से मारने की रची गई थी साजिश : मनोज तिवारी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर हमले के बाद उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात की। मनोज तिवारी ने कहा कि हमलावार अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। मनोज तिवारी ने कहा कि हमलावर जान से मारने के इरादे से आए थे।
उन्होंने कहा कि उसमें एक पुलिस आरक्षी भी था। हमलावरों की संख्या 10 से 12 के बीच थी। हमलावरों ने हमारे घर में घुसकर दो लोगों को पीटा। इसके बाद वह एक गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। यह संयोग था कि मनोज तिवारी उस रात घर पर नहीं थे, लेकिन इस हमले में उनके घर में मौजूद दो सहयोगी घायल है। पूरे मामले का वीडियो सामने आया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर हमले की जानकारी दी। सांसद के मुताबिक, करीब 10 लोगों ने उनके घर पर हमला किया। उनका घर 159 नॉर्थ एवेन्यू है। मनोज तिवारी का कहना है कि उन पर हमले की साजिश थी। रविवार देर रात 6-7 लोगों ने उनके घर पर हमला कर स्टॉफ के साथ मारपीट की थी। उस समय तिवारी घर पर नहीं थे।
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में मनोज तिवारी ने आशंका जताई है कि इस हमले में पुलिस भी शामिल हो सकती है। हमलावरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है। मनोज तिवारी के मुताबिक, ये जानलेवा हमला है। हमारे दो साथी घायल हैं। पुलिस का कहना है कि मनोज तिवारी के घर के पास एक मोड़ पर मनोज तिवारी के स्टॉफ की स्कोपिर्यो कार और एक वैगनआर कार में मामूली टक्कर हो गई। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उसके बाद मनोज तिवारी का स्टॉफ घर पर आ गया, लेकिन वैगनआर कार सवार लोग जो मनोज तिवारी के घर के पास ही रहते हैं, उन लोगों ने कुछ और लोगों को फोन कर बुला लिया और मनोज तिवारी के घर में हमला कर स्टॉफ से मारपीट की। वैगनआर के शीशे भी टूट मिले हैं। मनोज तिवारी के स्टॉफ में कुछ लोगों को चोटें भी आयीं हैं।
वहीं, पुलिस के मुताबिक सभी लोगों की पहचान हो गई है, जिनमें 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मनोज तिवारी के घर के पास एक मोड़ पर मनोज तिवारी के स्टॉफ की स्कोपिर्यो कार और एक वैगनआर कार में मामूली टक्कर हो गई। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी।
अभी हाल ही में 23 अप्रैल को हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में मनोज तिवारी की अगुवाई में ही भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की थी। मनोज तिवारी राजनीति के अलावा भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार माने जाते हैं। गायकी में भी उन्होंने खासा नाम कमाया है।