यूपी में योगी कैबिनेट ने लिए कई बड़े फैसले

लखनऊ। चैत्र नवरात्रि की नवमी के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली कैबिनेट बैठक ली और उसमें 9 अहम फैसले लिए गए। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री योगी विशिष्ट अतिथि गृह (वीवीआईपी गेस्ट हाउस) में रहकर प्रदेश का कामकाज संभाल रहे थे। इस बीच, 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर नवरात्रि के पहले दिन रहने गए और सभी कैबिनेट सहयोगियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को ‘फलाहार’ पर आमंत्रित किया।
नवरात्रि के अंतिम दिन रामनवमी पर योगी ने अपनी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप लघु एवं सीमांत किसानों के कर्ज माफ करने का महत्वपूर्ण फैसला किया। इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में 8 और फैसले हुए।
स्वास्थ्य मंत्री सिद्धाथर्नाथ सिंह ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि (आज) नवमी है इसलिए 9 निर्णय किए गए। यह संयोग है। कैबिनेट ने गाजीपुर में स्पोर्टर्स काम्प्लेक्स बनाने के एक प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई। गाजीपुर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का संसदीय क्षेत्र है।
कैबिनेट में इन पर लगी मुहर
1. नई इन्वेस्टमेंट और इंडस्ट्रियल पॉलिसी बनेगी। इसके लिए बनाई गई कमेटी में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और 4 अन्य मंत्री होंगे।
2. एंटी रोमियो स्क्वॉड को आॅर्डर। बेवजह किसी को परेशान किया तो पनिशमेंट के लिए तैयार रहें।
3. यूपी में करीब 2 करोड़ 30 लाख किसान हैं। लघु और सीमांत किसानों के 1 लाख तक के फसल पर लिए गए कर्ज माफ किए जाएंगे। इससे 2.15 करोड़ किसानों को राहत मिलेगी। कुल 36,359 करोड़ का कर्ज माफ।
4. गाजीपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। बजट तय नहीं लेकिन करीब 200 करोड़ रुपए खर्च हो सकते हैं।
5. गेहूं खरीद के लिए 5 हजार केंद्र खुलेंगे। 2 फेज में 80 लाख मीट्रिक टन खरीद होगी। 2500 एमएसपी के अलावा 10 रुपए प्रति क्वंिटल लदाई-ढुलाई के लिए दिए जाएंगे। पैसा सीधे किसान के अकाउंट में ट्रांसफर होगा।
6. आलू खरीद के लिए केशव प्रसाद मौर्य की चेयरमैनशिप में तीन लोगों की कमेटी बनाई गई। किसानों को राहत देने पर फैसला यही लेगी।
7. इंलीगल माइनिंग को रोका जाएगा। इसके लिए केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में एक कमेटी सुझाव देगी।
8. राज्य पिछड़ा आयोग जिसे अब तक संवैधानिक दर्जा प्राप्त नहीं था, उसे पीएम ने मंजूरी दी है। पीएम को सरकार की तरफ से धन्यवाद प्रस्ताव भेजा जाएगा।
9. 26 अवैध स्लॉटर हाउस बंद किए गए हैं। जिन्होंने लाइसेंस के लिए अप्लाई किया है, उन्हें जांच के बाद ये दिया जा सकता है।