यूपी में कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणा पत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्ता वापसी का सपना देख रही कांग्रेस बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। तय कार्यक्रम के अनुसार 8 फरवरी को कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के साथ वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की मौजूदगी में घोषणा पत्र जारी हुआ। इसके अलावा शीला दीक्षित, सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कांग्रेस मुख्यालय में चल रहे कार्यक्रम में मौजूद रहे। आपको बता दें कि कांग्रेस यह चुनाव सपा के साथ मिल कर लड़ रही है। सपा अपना घोषणा पत्र पहले ही जारी कर चुकी है।
घोषणा पत्र में शामिल कुछ खास बातें
महिलाओं के लिए पचास हजार से लेकर एक लाख तक शादी के समय दिया जाएगा। सरकार बनने पर महिलाओं को पंचायत में पचास प्रतिशत आरक्षण। किसानों का बिजली बिल हाफ किया जाएगा। 9 से 12 क्लास तक के बच्चों को मुफ्त साइकल दी जाएगी। शुगर मिलों को बेहतर स्थिति में लाने का प्रयास किया जाएगा। फूड सिक्योरिटी बिल पर काम होगा। राज्य को सांप्रदायिक और बांटने वाली ताकतों से बचाने की हरसंभव कोशिश होगी।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि घोषणापत्र में कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता है। किसान यात्रा के दौरान समस्याओं को राहुल ने जाना, उन समस्याओं को लेकर घोषणापत्र बनाया गया। कांग्रेस के घोषणापत्र में सभी का ध्यान रखा गया।