राहुल बोले- बादल परिवार ने पंजाब को बरबाद कर दिया

मजीठा। पंजाब असेंबली इलेक्शन में 4 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वोटिंग से 8 दिन पहले शुक्रवार को राज्य में बड़ी रैलियां हो रही हैं। नरेंद्र मोदी जालंधर में रैली करेंगे। वहीं, राहुल तीन रैलियों में शामिल होंगे। मजीठा में पहली रैली में राहुल गांधी ने कहा- पंजाब को एक परिवार ने बरबाद कर दिया। इनके पास बसें है, सब कुछ है लेकिन आपके पास कुछ नहीं है। आज पंजाब में ड्रग्स बड़ी प्रॉब्लम है। हम इसके लिए कानून लेकर आएंगे।
राहुल ने कहा- कभी पंजाब में नूर बरसता था। कल दिल्ली में बारिश हो रही थी। जब किसान बारिश देखता है तो उसके मन में खुशी आती है। उसे लगता है कि पानी गिरेगा तो अच्छी फसल आएगी। मगर पंजाब में बादल पानी नहीं देते। यहां बादल तो आए लेकिन सारी चीजें अपने लोगों को दे दिए। पंजाब में बिजनेस करना है, एक से दूसरे शहर जाना है तो बादलों को कुछ न कुछ देना पड़ेगा। वहीं उन्होंने कहा, 70 फीसदी युवा नशे की गिरफ्त में हैं। पंजाब में ड्रग्स सबसे बड़ी प्रॉब्लम है। हर एक इंडस्ट्री पंजाब को छोड़कर जा रही है। सब जगह एक परिवार का हाथ है। इंडस्ट्री को खत्म कर दिया, पंजाब का भविष्य खत्म कर दिया। अब खोखले वादे करने आए हैं।
पंजाब का पैसा जो लोगों की जेब में जाना चाहिए और जो आपकी जेब में नहीं जा रहा, इसके लिए कौन जिम्मेदार है। बड़े-बड़े लोग आते हैं और वादे कर जाते हैं। हमारी सरकार आएगी तो ड्रग्स-चिट्टे के खिलाफ कानून बनाएंगे। ये कानून ऐसा होगा कि जब ड्रग्स के बारे में सोचोगे तो कांप जाओगे।